‘कौन बनेगा बाल पार्षद’ कार्यक्रम: वार्ड 100 में बच्चों में स्वच्छता की समझ विकसित करने की अनोखी पहल
जयपुर, 10 जनवरी 2025: बच्चों में नेतृत्व के गुण विकसित करने और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ‘कौन बनेगा बाल पार्षद’ कार्यक्रम का आयोजन आज वार्ड 100 के सरदार रामसिंह मेमोरियल सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, आगरा रोड में किया गया। यह कार्यक्रम डिजिटल बाल मेला और जयपुर नगर निगम हेरिटेज की संयुक्त पहल है, जिसमें बच्चों को ठोस कचरा प्रबंधन की बुनियादी जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत शपथ ग्रहण से हुई, जहाँ बच्चों ने स्वच्छता को अपनी आदत में शामिल करने का संकल्प लिया।
पार्षद श्री पुष्पेंद्र मीणा ने अपने संबोधन में कहा, “सरकार सफाई के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन यह केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं है। हर नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह अपने क्षेत्र को स्वच्छ रखे। यदि आप बाल पार्षद बनकर जागरूकता फैलाएँगे, तो यह आपके क्षेत्र और शहर को स्वच्छता में आगे ले जाएगा।”
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री बलराम मीणा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “हमारा विद्यालय स्वच्छता को लेकर हमेशा गंभीर रहता है, और इसकी प्रशंसा स्थानीय लोग भी करते हैं। मैं बच्चों से कहना चाहूँगा कि आज जो आपने शपथ ली है, उसे जीवन में उतारें और जहाँ भी कचरा दिखे, उसे सही स्थान पर डालें। यही छोटी-छोटी आदतें भविष्य में बड़े बदलाव लाएँगी।”
डिजिटल बाल मेला और जयपुर नगर निगम हेरिटेज की यह पहल लगातार 100 वार्डों में जारी है। इस कार्यक्रम ने बच्चों को स्वच्छता की महत्ता समझाने के साथ-साथ उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की दिशा में प्रेरित किया है।

