12 जून को विधानसभा भवन में करेंगे बाल मुद्दों पर अपनी आवाज़ मुखर…
आदित्य शर्मा।
जयपुर। हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग के तत्वाधान में डिजिटल बाल मेला द्वारा आयोजित, एल.आई.सी द्वारा प्रायोजित “बच्चों की सरकार कैसी हो?” अभियान के तहत हिमाचल प्रदेश विधानसभा “बाल सत्र” का आयोजन होना है। इसमें देश भर के 68 बच्चे बाल विधायक के तौर पर एक दिन के लिए हिमाचल प्रदेश विधानसभा का कार्यभार सम्भालेंगे। “बच्चों की सरकार कैसी हो?” अभियान के तहत इन बच्चों का चुनाव किया गया है। इसमें 1 अप्रैल से लेकर 25 मई तक 1085 बच्चों ने इस बाल सत्र में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन किया था।
इन बच्चों में से जो बच्चे 12 जून को सरकार एवं समाज के सामने अपनी बात रखेंगे उनके नाम जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें –
https://docs.google.com/spreadsheets/d/1JoNscV7sloqVgWebXND6T6CHTcDDhspuux4n_kUc5FM/edit?usp=sharing
इन बच्चों की चयन प्रक्रिया के लिए एक विशेष पैनल का गठन किया गया था, जिसमें देश के दिग्गज नेता, शिक्षाविद, कलाकार एवं अन्य क्षेत्रों के महारथी शामिल थे। तीन भागों में हुई इस चयन प्रक्रिया में बच्चों द्वारा रजिस्टर्ड एंट्रीज का मूल्यांकन वीडियो क्राईटेरिया, अभिव्यक्ति, सुझावों की अहमियत और मुद्दों कि गंभीरता के आधार पर किया गया है।
द फ्यूचर सोसाइटी की उपाध्यक्ष श्रीमती रविता शर्मा ने बताया कि अब “विश्व बाल श्रम निषेध दिवस” के अवसर पर चयनित बच्चे शिमला स्थित विधानसभा भवन में बाल मुद्दों पर अपनी आवाज़ मुखर करेंगे। इस सत्र में बच्चों को आशीर्वाद प्रदान करने के लिए राज्यसभा उप-सभापति श्री हरिवंश नारायण सिंह, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता-प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, विधानसभा अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह पठानिया, उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, समस्त कैबिनेट एवं सभी एच.पी विधानसभा सदस्य शामिल होंगे।

