वार्ड 84 में स्वच्छता अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम
2 मई 2025। डिजिटल बाल मेला (फ्यूचर सोसाइटी) और जयपुर नगर निगम हैरिटेज के संयुक्त तत्वावधान में कौन बनेगा बाल पार्षद अभियान के अंतर्गत वार्ड 84 के गुड लक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, आमागढ़ शक्ति कॉलोनी में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छता शपथ लेकर हुई। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अपने स्कूल, मोहल्ले और वार्ड को साफ रखने का संकल्प लिया।
इसके बाद वार्ड के पार्षद श्री नरेश नागर ने बच्चों को संबोधित करते हुए स्वच्छता के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में नेतृत्व कौशल के साथ-साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी जागृत करते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रशासन और इस पहल के लिए डिजिटल बाल मेला और नगर निगम हैरिटेज का आभार व्यक्त किया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री मोहम्मद अंसार ने ठोस कचरा प्रबंधन के महत्व को विस्तार से समझाते हुए बच्चों को गीला-सूखा कचरा अलग करने, प्लास्टिक के उपयोग से बचने और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि जीवनशैली बननी चाहिए।
कार्यक्रम में पोस्टर का अनावरण भी किया गया जिसमें ठोस कचरा प्रबंधन और स्वच्छ भारत मिशन के संदेश को रचनात्मक ढंग से दर्शाया गया। कार्यक्रम का समापन बच्चों के विचारों और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

