आमेर फोर्ट में बाल चित्रकारों की प्रदर्शनी का समापन कल, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का बना मंच…

आमेर फोर्ट में बाल चित्रकारों की प्रदर्शनी का समापन कल, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का बना मंच

जयपुर नगर निगम हैरिटेज और फ्यूचर सोसाइटी द्वारा सह-आयोजित ‘कौन बनेगा बाल पार्षद’ अभियान के तहत आमेर फोर्ट में आयोजित विशेष पेंटिंग प्रदर्शनी का समापन समारोह कल, 19 अप्रैल 2025 को किया जाएगा। यह प्रदर्शनी 12 अप्रैल को प्रारंभ हुई थी और एक सप्ताह तक चली, जिसमें जयपुर नगर निगम हैरिटेज के 100 वार्डों से आए विभिन्न विद्यालयों के बच्चों की रचनात्मक पेंटिंग्स को आम जनता और पर्यटकों के लिए प्रस्तुत किया गया।

प्रदर्शनी का उद्देश्य बच्चों को स्वच्छ भारत मिशन, ठोस कचरा प्रबंधन, पर्यावरणीय संतुलन और नागरिक चेतना जैसे विषयों से जोड़ना रहा। बच्चों ने अपने चित्रों में यह दिखाया कि कैसे छोटी-छोटी आदतें—जैसे कचरे का पृथक्करण, पौधारोपण, प्लास्टिक के प्रयोग से बचाव और सफाई की जिम्मेदारी—बड़े बदलाव की ओर ले जाती हैं।

इस प्रदर्शनी को देश-विदेश से आए पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों ने भी सराहा। विशेष बात यह रही कि कई चित्रों में बच्चों ने तकनीक, समाज और प्रकृति के आपसी संबंध को अपनी दृष्टि से प्रस्तुत किया, जिससे यह प्रदर्शनी एक दृश्य संवाद का सशक्त माध्यम बन गई।

कल के समापन समारोह में बच्चों को उनकी भागीदारी और रचनात्मक योगदान के लिए सम्मानित भी किया जाएगा। यह पहल न केवल स्वच्छता को लेकर बच्चों में नेतृत्व कौशल विकसित कर रही है, बल्कि उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में व्यवहारिक शिक्षा भी दे रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *