‘कौन बनेगा बाल पार्षद’ कार्यक्रम में बच्चों ने ली स्वच्छता की शपथ, पार्षद और प्रधानाचार्य ने दिए महत्वपूर्ण संदेश
जयपुर, 15 जनवरी 2025: ‘कौन बनेगा बाल पार्षद’ कार्यक्रम के अंतर्गत आज ब्राइट कैरियर स्कूल, आदर्श नगर ,वार्ड 89 में एक विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। डिजिटल बाल मेला और जयपुर नगर निगम हेरिटेज द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर हुई। बच्चों ने संकल्प लिया कि वे गीला और सूखा कचरा अलग करेंगे, घर-स्कूल और समाज में स्वच्छता बनाए रखेंगे, और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम में पार्षद अकबरुद्दीन ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, “आप सब बच्चे जैसे मम्मी-पापा से किसी चीज के लिए कहते हैं, वैसे ही घर जाकर उनसे कूड़ेदान रखने और गीला-सूखा कचरा अलग-अलग डालने को कहें। जो गाड़ी कचरा उठाने के लिए आती है, उसमें सही तरीके से कचरा डालें। यदि आपको कहीं गंदगी दिखे, तो अपने माता-पिता से कहें कि वे पार्षद को इसकी सूचना दें। मेरे वार्ड में सफाई अच्छी होगी, तो मेरा भी नाम होगा।”
प्रधानाचार्य सैयद जरार अहमद ने अपने संबोधन में स्वच्छता को एक पवित्र जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा, “हमारे घरों में सिखाया जाता है कि खाना खाते समय नीचे कपड़ा बिछा लें ताकि खाना न गिरे, और यदि गिर भी जाए, तो उसे उठाकर खा लें। आपने जो शपथ ली है, वह ईश्वर और अल्लाह के सामने एक वचन है। आपको इसे निभाना है—न खुद गंदगी करेंगे, न दूसरों को करने देंगे।”
डिजिटल बाल मेला और जयपुर नगर निगम हेरिटेज की इस पहल ने बच्चों को समझाया कि छोटे-छोटे प्रयास, जैसे गीला-सूखा कचरा अलग करना और साफ-सफाई बनाए रखना, एक बड़े बदलाव की शुरुआत हो सकते हैं। बच्चों ने पूरी लगन और उत्साह के साथ इस कार्यक्रम में भाग लिया।

