बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर 68 बच्चों ने लिया था “बाल सत्र” में भाग…
गर्वित शर्मा
जयपुर . 12 जून को हिमाचल प्रदेश विधानसभा स्पीकर की अध्यक्षता में राज्य ऐतिहासिक बाल सत्र का साक्षी बना. इस विशेष सत्र के लिए देश भर से 68 बच्चों का चयन किया गया था, जिसकी प्रक्रिया कुल तीन माह चली थी. “बाल प्रतिनिधि” बाल मुद्दों पर अपनी आवाज़ शिमला स्थित विधानसभा भवन में मुखर करते नज़र आए. इस विशेष बाल सत्र में बिहार के मोतिहारी जिले की रहने वाली और राजस्थान में बनस्थली विद्यापीठ की छात्रा सृष्टि रानी सिंह भी पहुँची. सृष्टि ने इस सत्र में विपक्ष के विधायक की भूमिका निभाते हुए विधानसभा की प्रक्रिया के नियम 324 के तहत सरकार को सुझाव भी दिया.
हिमाचल प्रदेश में नयी शिक्षानीति लागू करने का सुझाव देते हुए सृष्टि रानी सिंह ने कहा – “मैं प्रक्रिया के नियम 324 के अंतर्गत इस सदन के सामने समय की मांग को देखते हुए प्रदेश में नयी शिक्षा नीति लागू करने का आव्हान करती हूँ. इस नयी नीति में बच्चों द्वारा सुझाए गए बदलाव सरकार को लाने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए. इन बदलावों में सबसे जरुरी बदलाव है विद्यालयों के पाठ्यक्रम में व्यवहारिक शिक्षा का होना ताकि बच्चे पढने के साथ- साथ विषय की प्रेक्टिकल प्रयोज्यता समझे. आमतौर पर देखने को मिलता है कि बच्चों ने पढ़ा तो बहुत कुछ होता है, पर दैनिक जीवन में उस पढाई का क्या कार्य है वे यह नहीं समझ पाते. ऐसे में याद की गई पढाई का कोई औचित्य नहीं रह जाता. इसीलिए व्यावहारिक शिक्षा पर शिक्षा विभाग को जोर देना चाहिए. इसी के साथ हमारे राज्य में नाटक/रंगमंच को भी विषय के तौर पर पाठ्यक्रम में जोड़ना चाहिए. इससे बच्चों की अभिव्यक्ति सुधरेगी इस के साथ उन्हें कला को बारीकी से सीखने का मौका मिलेगा. सभापति महोदय रंग मंच बच्चों के सर्वांगीण विकास का एक अच्छा जरिया है. इसी के साथ राज्य सरकार अगर सभी क्षेत्रों में ऑनलाइन शिक्षा को पहुंचाने में नाकाम है तो, बच्चों के लिए जापान एवं अमेरिका के तर्ज पर विद्यालय में ही लॉकर की सुविधा होनी चहिये जिससे बच्चों को रोज़ भारी बैग न ढोना पड़े.
अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस पर आयोजित इस सत्र में मुख्य अतिथि के तौर पर राज्य के मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं बतौर विशिष्ठ अतिथि राज्यसभा उप-सभापति श्री हरिवंश नारायण सिंह, शामिल हुए. इस सत्र की ख़ास बात यह रही की बच्चों ने ही मुख्यमंत्री, नेता-प्रतिपक्ष, स्पीकर समेत सभी पदों की भूमिका निभाई व एक दिन के लिए राज्य की विधानसभा का संचालन किया।
अधिक जानकारी के लिए आप हमारे सोशल Media Handle’s फॉलो करें|
फेसबुक – https://www.fb.com/digitalbaalmela/
इन्स्टाग्राम – https://instagram.com/digitalbaalmela
ट्विटर – https://twitter.com/DigitalBaalMela
यूट्यूब – https://bit.ly/3xRYkNz

