‘कौन बनेगा बाल पार्षद’ कार्यक्रम का आयोजन, बच्चों में नेतृत्व के गुण विकसित करने की पहल…

‘कौन बनेगा बाल पार्षद’ कार्यक्रम का आयोजन, बच्चों में नेतृत्व के गुण विकसित करने की पहल

जयपुर, 8 जनवरी 2025: जयपुर नगर निगम हेरिटेज और डिजिटल बाल मेला के संयुक्त प्रयास से ‘कौन बनेगा बाल पार्षद’ कार्यक्रम का आयोजन आज वार्ड 45 के सुशील पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सुशीलपुरा में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वार्ड 45 के पार्षद श्री धीरज शर्मा ने बच्चों को स्वच्छता के महत्व और नेतृत्व की जिम्मेदारी के बारे में जागरूक किया।

अपने संबोधन में पार्षद श्री धीरज शर्मा ने कहा, “स्वच्छता केवल गलियों, बाथरूम, या हॉस्पिटल तक सीमित नहीं है, बल्कि जहाँ भी गंदगी हो, वहाँ सफाई में योगदान देना हमारी जिम्मेदारी है। यह कार्यक्रम बच्चों को न केवल खुद जागरूक बनने का अवसर देता है, बल्कि समाज में बदलाव लाने के लिए एक सशक्त माध्यम भी है। मुझे गर्व है कि मैं भी इसी विद्यालय में पढ़ा और आज यहाँ पार्षद के रूप में खड़ा हूँ। बाल पार्षद बनकर आप अपने क्षेत्रों में जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर सकते हैं।”

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सी.एन. शर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, “मुझे उम्मीद है कि आप में से कोई बाल पार्षद बनेगा और भविष्य में बड़े होकर अपने वार्ड का पार्षद, फिर विधायक बनेगा और देश की सेवा करेगा। यह कार्यक्रम आपको जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करेगा।”

इस दौरान बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति अपनी रचनात्मकता दिखाई। पार्षद और प्रधानाचार्य के प्रेरणादायक संबोधन ने बच्चों में न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि उनमें नेतृत्व के गुण भी विकसित किए।

डिजिटल बाल मेला और जयपुर नगर निगम हेरिटेज की यह पहल बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक और भविष्य का नेतृत्व तैयार करने में सफल रही।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *