वार्ड 61: स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम में बच्चों ने ली शपथ
जयपुर, 3 फरवरी 2025: कौन बनेगा बाल पार्षद अभियान के तहत सेंट माइकल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, वार्ड 61 में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा स्वच्छता शपथ लेने से हुई, जिसमें उन्होंने संकल्प लिया कि वे अपने घर, स्कूल और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने में अपना योगदान देंगे।
इसके बाद स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर केंद्रित एक विशेष पोस्टर का अनावरण किया गया। इस पोस्टर ने ‘रिड्यूस, रीयूज, रीसायकल’ के महत्व को रेखांकित किया, जिससे बच्चों को कचरे को सही तरीके से प्रबंधित करने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रधानाचार्य नोएल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, “सबसे पहले स्वयं को स्वच्छ रखें, फिर अपने घर को, और उसके बाद अपनी कॉलोनी और वार्ड को। हाल ही में हम सभी ने कोरोना जैसी महामारी का सामना किया, जिसने हमें स्वच्छता और आत्म-सुरक्षा का एक महत्वपूर्ण पाठ सिखाया। अब यह आवश्यक है कि हम इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और समाज को स्वच्छ व स्वस्थ बनाने की दिशा में कार्य करें।”
इस कार्यक्रम ने बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।

