बच्चों की कल्पना में नज़र आया स्वच्छ भारत का सपना, हवा महल प्रदर्शनी में दिखा नई सोच का रंग
‘कौन बनेगा बाल पार्षद’ अभियान के अंतर्गत आयोजित विशेष कला प्रदर्शनी में नगर निगम हैरिटेज क्षेत्र के 50 वार्डों से आए विद्यार्थियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे गंभीर विषयों को अपनी कल्पनाओं और रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया। हवा महल परिसर में लगी इस प्रदर्शनी में बच्चों ने प्लास्टिक मुक्त जीवन, हरियाली, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे विषयों को बेहद सजीव चित्रों में ढाला।
किसी चित्र में पृथ्वी दो डस्टबिन उठाए मुस्करा रही थी, तो किसी में समुद्री जीव प्लास्टिक के जाल में फंसे दर्द को दर्शा रहे थे। बच्चों की रचनात्मकता के साथ-साथ उनके भीतर समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी स्पष्ट रूप से झलक रहा था।
जब बच्चों ने देखा कि उनके बनाए चित्र हवा महल जैसे ऐतिहासिक स्थल पर प्रदर्शित किए गए हैं, और देश-विदेश से आने वाले पर्यटक उन्हें देख रहे हैं, तो उनके चेहरों पर गर्व और प्रसन्नता साफ दिखाई दी। बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार भी भेंट किए गए।
यह प्रदर्शनी केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि बच्चों की सोच और समाज के प्रति उनके दृष्टिकोण का प्रतीक है। इन बाल चित्रकारों की सोच ही आने वाले स्वच्छ और सुंदर जयपुर की दिशा तय करेगी।

