नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता का सशक्त संदेश
वार्ड 100 स्थित सरदार रामसिंह मेमोरियल सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के कक्षा 12 के छात्रों – सागर, ऋषभ, सुमित बैरवा, आकाश, विनय और भूपेन्द्र – ने ‘कौन बनेगा बाल पार्षद’ अभियान के अंतर्गत एक प्रेरणादायक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस नाटक के माध्यम से छात्रों ने स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और नागरिक जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली अंदाज़ में प्रस्तुत किया।
नाटक की कथा में एक आम दिनचर्या को दिखाया गया, जहाँ समाज की लापरवाही – जैसे कूड़ा न उठाना, प्लास्टिक का अत्यधिक प्रयोग, और सफाई को लेकर उदासीनता – को व्यंग्यात्मक शैली में प्रस्तुत किया गया। संवाद जैसे “कूड़े की गाड़ी आई थी, पर मैं तो सो रहा था” और “सोते रहोगे तो जागेगा कौन?” दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर गए।
इस प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि यदि हम सभी अपने घर, गली और वार्ड को साफ रखें, तो न केवल बीमारियों से बचा जा सकता है, बल्कि स्वच्छ और सुंदर समाज का निर्माण संभव है। छात्रों ने अंत में यह आह्वान किया कि हर व्यक्ति स्वच्छता का ब्रांड एम्बेसडर बने और दूसरों को भी प्रेरित करे।
कार्यक्रम आयोजकों और स्कूल प्रशासन ने इस प्रस्तुति की सराहना की और इसे बाल नेतृत्व व सामाजिक जागरूकता का जीवंत उदाहरण बताया।
इस नाटक को यूट्यूब लिंक पर देखा जा सकता है:
https://youtu.be/LQB7N-Ps4gk

