राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मंडी खटिकान में आयोजित हुआ स्वच्छता कैंपेन…

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मंडी खटिकान में आयोजित हुआ स्वच्छता कैंपेन।

जयपुर: स्वच्छता और ठोस कचरा प्रबंधन को लेकर बच्चों को जागरूक करने के उद्देश्य से ‘कौन बनेगा बाल पार्षद’ अभियान के तहत आज वार्ड 66 के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मंडीखटिकान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छता की सामूहिक शपथ के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में स्वच्छता से जुड़ी पोस्टर प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें बच्चों ने अपने चित्रों और नारों के माध्यम से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के वर्गीकरण और पर्यावरण सरंक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी बात रखी।

इस अवसर पर वार्ड के पार्षद श्री घनश्याम टेपण ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, “बच्चे समाज के परिवर्तन के वाहक हैं। जब वे खुद सफाई के लिए सजग होंगे तो निश्चित रूप से अपने घर, मोहल्ले और शहर को भी स्वच्छ बनाएंगे।”

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. प्रीति भार्गव ने कहा कि स्कूल के स्तर पर इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में नेतृत्व, जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना की भावना को विकसित करते हैं। उन्होंने जयपुर नगर निगम हैरिटेज और डिजिटल बाल मेला द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना की।

कार्यक्रम में जयपुर नगर निगम हैरिटेज की ओर से श्री रवि जी भी उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को सूखा और गीला कचरा अलग करने के महत्व को सरल भाषा में समझाया और शहर को स्वच्छ बनाने में बच्चों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

यह आयोजन ‘कौन बनेगा बाल पार्षद’ कार्यक्रम के अंतर्गत फ्यूचर सोसाइटी व जयपुर नगर निगम हैरिटेज के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *