12 जून को स्पीकर श्री कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में होगा आयोजन…
आदित्य शर्मा.
शिमला. डिजिटल बाल मेला द्वारा आयोजित एल.आई.सी. द्वारा प्रायोजित 12 जून को हिमाचल प्रदेश विधानसभा स्पीकर की अध्यक्षता में राज्य ऐतिहासिक बाल सत्र का साक्षी बनने जा रहा है. इस विशेष सत्र के लिए देश भर से 68 बच्चों का चयन किया गया है, जिसकी प्रक्रिया कुल तीन माह चली थी. अब यह “बाल प्रतिनिधि” बाल मुद्दों पर अपनी आवाज़ शिमला स्थित विधानसभा भवन में मुखर करते नज़र आएंगे. सिहुन्ता के लिए यह गर्व की बात होगी, क्योंकि राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, की कक्षा 12 में पढ़ रही आकृति का चयन भी इस सत्र के लिए किया गया है.
आकृति ने अपनी एन्ट्री डिजिटल बाल मेला को भेजी थी जिसमें उन्होंने विपक्ष दल की नेता के रूप में अपनी दावेदारी पेश की थी. इस वीडियो में उन्होंने सत्ता दल के वन मंत्री को पर्यावरण बचाने हेतु जंगलों को काटने और जलाने वाले असमाजिक तत्वों पर सख्त कार्यवाही करने की मांग की, साथ ही बताया की पर्यावरण से छेड़-छाड़ किस प्रकार संसार के लिए कितना खतरनाक साबित हो सकता है.
अब “विश्व बाल श्रम निषेध दिवस” के अवसर पर वह अपने इस मुद्दे को सत्र में सरकार और समाज के सामने रखेंगी. बता दें कि इस सत्र में मुख्य अतिथि के तौर पर राज्य के मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं बतौर विशिष्ठ अतिथि राज्यसभा उप-सभापति श्री हरिवंश नारायण सिंह, शामिल होंगे. इतना ही नहीं नेता-प्रतिपक्ष श्री जयराम ठाकुर, समस्त कैबिनेट और विधानसभा सदस्य भी सत्र में शिरकत करेंगे. इस सत्र की ख़ास बात यह होगी की बच्चे ही मुख्यमंत्री, नेता-प्रतिपक्ष, स्पीकर समेत सभी पदों की भूमिका निभाते हुए एक दिन के लिए राज्य की विधानसभा का संचालन करेंगे.

