जयपुर, 30 जून 2025 – फ्यूचर सोसाइटी द्वारा संचालित ‘कौन बनेगा बाल पार्षद’ अभियान की कोर टीम ने आज राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा से भेंट की। इस अवसर पर बच्चों द्वारा बनाई गई एक विशेष पेंटिंग भी मुख्यमंत्री को भेंट की गई, जिसमें “स्वच्छ भारत” के विचार को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया था।
मुख्यमंत्री ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा,
> “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जो स्वच्छ भारत का सपना है, उसे पूरा करने की सबसे सशक्त भूमिका आज के बच्चों की है। वे न केवल खुद में बदलाव ला रहे हैं, बल्कि अपने परिवार और मोहल्ले को भी जागरूक कर रहे हैं।”
मुख्यमंत्री ने इस पहल को एक सामाजिक नवाचार करार देते हुए यह भी जोड़ा कि बच्चों को स्थानीय शासन की समझ देना और जिम्मेदारी के साथ भागीदारी के लिए प्रेरित करना एक दीर्घकालिक निवेश है। उन्होंने कहा कि
> “बच्चे जब दो डस्टबिन के महत्व को समझ जाते हैं, तो वे पूरे समुदाय को प्रेरित कर सकते हैं। स्वच्छता के ऐसे छोटे कदम ही आने वाले समय में बड़ा परिवर्तन लाएंगे।”
अब तक जयपुर नगर निगम हैरिटेज के साथ मिलकर यह अभियान अधिकांश वार्डों में पहुँच चुका है। जिसमें डिजिटल बाल मेला ने बच्चों के साथ स्लोगन लेखन, पेंटिंग प्रदर्शनी, नाटक, प्रश्नोत्तरी और स्वच्छता शपथ जैसी गतिविधियाँ आयोजित की हैं।
मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ संवाद करते हुए कहा कि
> “बाल पार्षद के रूप में यह नन्हें नेता स्वच्छता, नागरिक भागीदारी और जिम्मेदारी का जो संदेश दे रहे हैं, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है।”
यह आयोजन फ्यूचर सोसाइटी द्वारा चलाए जा रहे ‘कौन बनेगा बाल पार्षद’ अभियान का एक प्रेरक क्षण था, जो बच्चों को समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।
