केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया ‘जोधपुर बाल महोत्सव’ के पोस्टर का विमोचन, बोले—नई पीढ़ी को जड़ों से जोड़ने का बेहतरीन नवाचार

जोधपुर। दिसंबर माह में जोधपुर में तीन दिवसीय ‘जोधपुर बाल महोत्सव’ आयोजित होने जा रहा है। डिजिटल बाल मेला और फ्यूचर सोसाइटी द्वारा आयोजित और कॉग्निवेरा द्वारा प्रायोजित प्रस्तावित इस महोत्सव में राजस्थान के सभी 41 जिलों के बच्चे शामिल होंगे। महोत्सव के माध्यम से बच्चे अपने-अपने जिले की संस्कृति, परंपरा, पर्यटन, हस्तशिल्प, लोक कला, व्यंजन और ऐसी अनूठी पहचान को सामने रखेंगे, जो अब तक पर्यटन की बड़ी तस्वीर में अपेक्षित स्थान नहीं बना पाई है।

महोत्सव के पोस्टर का विमोचन केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया। इस अवसर पर फ्यूचर सोसाइटी की सचिव डॉ. मीना शर्मा और प्रोजेक्ट हेड दीपक शर्मा ने उनसे मुलाकात कर जयपुर में आयोजित बाल मेला की सफलता और जोधपुर बाल महोत्सव के प्रस्तावित कार्यक्रम एवं नए विचारों पर चर्चा की।

पोस्टर विमोचन के अवसर पर केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने बच्चों से कहा कि दिसंबर में जोधपुर में आयोजित होने वाला डिजिटल बाल मेला बच्चों को राजस्थान की विविधता से रूबरू कराने के साथ उन्हें अपनी विरासत और जड़ों से जोड़ने का अवसर देगा। महोत्सव में प्रदेश के सभी जिलों की संस्कृति, परंपराओं, पर्यटन स्थलों और स्थानीय विशेषताओं की झलक देखने को मिलेगी। बच्चों के लिए यह आयोजन सीखने और नई चीजों को जानने के साथ-साथ खूब मस्ती और उत्साह का भी अवसर होगा। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे अभी से तैयारी शुरू कर दें, क्योंकि इस बार जोधपुर में होने वाली है खूब धूम।

कॉग्निवेरा के CEO कमलेश शर्मा ने कहा इस अनूठे आयोजन में राजस्थान के सभी जिलों की झांकी देखने को मिलेगी। बच्चे अपने जिले की विशेषताओं को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करेंगे। उन्हें वीडियो बनाकर यह बताना होगा कि उनका जिला क्यों खास है और वहां ऐसी कौन-सी विशेषताएं हैं, जिन्हें प्रदेश और देश के सामने लाया जाना चाहिए। बच्चे अपने जिले के पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प, लोक संगीत, पर्यटन स्थल, लोक संस्कृति और गुमनाम नायकों को भी सामने ला सकेंगे।

स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में यह पहल बच्चों को अपने जिले की अनदेखी और अनजानी खासियतों को पहचानने तथा उन्हें नए नजरिए से प्रस्तुत करने का अवसर देगी। डिजिटल बाल मेला का यह नवाचार GEN Z और Alpha Generation को नई सोच, नई दिशा और अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा।

महोत्सव में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले जिले को 50,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं विजेता जिले के 100 बच्चों को जोधपुर भ्रमण का अवसर भी मिलेगा। इसके अलावा जयपुर बाल महोत्सव के विजेताओं को भी उनके प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। ये पुरस्कार केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत द्वारा जोधपुर बाल महोत्सव के दौरान प्रदान किए जाएंगे।

महोत्सव में भाग लेने के लिए बच्चे डिजिटल बाल मेला की वेबसाइट digitalbaalmela.com या व्हाट्सऐप नंबर 8005915026 पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

जयपुर की सफलता बनी जोधपुर की प्रेरणा

जोधपुर बाल महोत्सव की यह पहल दरअसल जयपुर बाल मेला की सफलता के बाद अगला कदम है। जयपुर में राजस्थान के सभी जिलों से बच्चों ने भाग लेकर अपने-अपने जिले की खास पहचान को बेहद रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया था। किसी बच्चे ने अपने जिले की संस्कृति को चुना, तो किसी ने विरासत को। किसी ने स्थानीय कला और हस्तशिल्प को सामने रखा, तो किसी ने अपने क्षेत्र की ऐसी विशेषता को मंच दिया, जिसे आमतौर पर पर्यटन की बड़ी तस्वीर में जगह नहीं मिलती।

डिजिटल बाल मेला की संस्थापक जान्हवी शर्मा ने कहा “जयपुर बाल मेला में राजस्थान के सभी जिलों से बच्चों ने भाग लिया और उन्होंने अपने-अपने क्षेत्र की पहचान को बहुत खूबसूरती से सामने रखा। उस अनुभव के बाद हमें लगा कि अगला कदम केवल इन पहचानों को दिखाना नहीं होना चाहिए, बल्कि बच्चों से यह भी पूछा जाना चाहिए कि वे अपने जिले के पर्यटन का भविष्य किस तरह देखते हैं। हमारा प्रयास है कि डिजिटल बाल मेला राजस्थान के हर जिले के बच्चों को केवल मंच ही न दे, बल्कि उन्हें अपने क्षेत्र के बारे में सोचने और नए विचार देने का अवसर भी दे।”

उन्होंने कहा कि यह बदलाव भले ही छोटा दिखाई दे, लेकिन इसका उद्देश्य बड़ा है—बच्चों को अपनी जड़ों से जोड़ते हुए उन्हें अपने जिले और राजस्थान के पर्यटन के भविष्य का भागीदार बनाना।

फ्यूचर सोसाइटी के अध्यक्ष सुशील शर्मा ने बताया कि फ्यूचर सोसाइटी और डिजिटल बाल मेला का यह प्रयास राजस्थान के सांस्कृतिक गौरव को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उसे नए आयाम देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *