————“सांस्कृतिक नवाचार” थीम पर बच्चों की प्रतिभा का रंगारंग संगम 4 से 6 मई तक
जयपुर। राजधानी में आयोजित होने जा रहे जयपुर बाल महोत्सव 2026 को लेकर अब काउंटडाउन शुरू हो चुका है। आगामी 4 से 6 मई तक सांगानेर स्थित पिंजरापोल गौशाला में होने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्र की कला, संस्कृति और विशेषताओं को प्रस्तुत करने की तैयारियों में जुटे हैं। इस वर्ष महोत्सव की थीम “सांस्कृतिक नवाचार” रखी गई है, जिसके माध्यम से परंपरा और आधुनिक सोच का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस दौरान 41 जिलों की झांकी एक ही परिसर में देखने को मिलेगी।
महोत्सव की खास बात यह होगी कि बच्चे अपने जिले की पहचान को केवल प्रदर्शित ही नहीं करेंगे, बल्कि उसे नए नजरिए और रचनात्मक सोच के साथ प्रस्तुत करेंगे। स्टॉल, लाइव प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक झांकियों के जरिए राजस्थान की विविधता एक ही मंच पर साकार होगी। डिजिटल बाल मेला की संस्थापक जान्हवी शर्मा ने बताया कि यह मंच बच्चों को अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास और सीखने का अनूठा अवसर देगा। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे आयोजन की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे बच्चों और अभिभावकों में उत्सुकता बढ़ती जा रही है। उन्होंने बताया कि जयपुर बाल महोत्सव केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि नई सोच, रचनात्मकता और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देने वाला मंच बनेगा।

